भोपाल, 29 जून। मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस ने संगठन के विस्तार और किसानों की समस्याओं को गांव स्तर तक प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए "किसान न्याय योद्धा" अभियान का शुभारंभ किया है। अभियान के तहत प्रदेश की प्रत्येक पंचायत एवं गांव में पांच-पांच किसान न्याय योद्धा नियुक्त किए जाएंगे, जो किसानों की समस्याओं को संगठन और प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन में आयोजित किसान कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, सुखदेव पांसे, विभाग एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह चौहान, सेवादल के मुख्य संगठक अवनीश भार्गव, पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल, सुनील सराफ, किसान कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रभारी अनूप धोटे सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की गई। साथ ही प्रत्येक जिले, ब्लॉक, पंचायत और गांव तक संगठन का विस्तार करने का निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ किसानों के बीच सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।बैठक में शुरू किए गए "किसान न्याय योद्धा" अभियान के तहत प्रत्येक पंचायत एवं गांव में पांच-पांच कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। ये कार्यकर्ता किसानों की समस्याओं को चिन्हित कर संगठन और प्रशासन तक पहुंचाने, सरकारी योजनाओं की जानकारी देने तथा किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर जनजागरूकता बढ़ाने का काम करेंगे।बैठक में सोशल मीडिया को संगठन का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए किसान कांग्रेस की गतिविधियों और किसानों के मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिला और ब्लॉक स्तर पर सोशल मीडिया नेटवर्क को और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया।बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह माह संगठन को शत-प्रतिशत पूर्ण करने का है। उन्होंने सभी जिला और ब्लॉक इकाइयों को संगठन विस्तार में तेजी लाने तथा प्रत्येक गांव में किसान न्याय योद्धा तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन में जवाबदेही सर्वोपरि होगी और सभी पदाधिकारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी। उनका कहना था कि मजबूत संगठन और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं के माध्यम से ही किसानों के अधिकारों की प्रभावी लड़ाई लड़ी जा सकती है।प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि "किसान न्याय योद्धा" अभियान किसानों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि नई प्रदेश कार्यकारिणी पूरे प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने, किसानों के बीच लगातार संवाद स्थापित करने और उनके हितों के लिए संघर्ष को और अधिक प्रभावी बनाने का कार्य करेगी।बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने तथा किसान न्याय योद्धा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
Continue With Google
Comments (0)