अमेरिका में हुए भयावह 9/11 आतंकी हमले को 25 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए आतंकवाद को पूरी दुनिया के लिए गंभीर खतरा बताया। पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद के हर रूप के खिलाफ भारत का इरादा और विरोध पूरी तरह स्पष्ट और मजबूत है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर 9/11 हमले की 25वीं बरसी पर पीड़ितों को याद किया। उन्होंने लिखा कि भयानक 9/11 हमलों के 25 साल बाद हम पीड़ितों को याद करते हैं, उनका सम्मान करते हैं और उन परिवारों के साथ खड़े हैं, जिनकी जिंदगी इस घटना के बाद हमेशा के लिए बदल गई।

सीमा पार आतंकवाद का सामना कर रहा भारत

पीएम मोदी ने अपने संदेश में भारत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत कई दशकों से सीमा पार आतंकवाद का सामना करता रहा है और इस लड़ाई में मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि देश आतंकवाद के हर रूप का विरोध करता रहेगा।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आतंकवाद का खतरा बढ़ता जा रहा है। ऐसे समय में भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी काउंटर-टेररिज्म क्षमताओं को लगातार मजबूत करने और इस चुनौती से निपटने के सभी प्रयासों के साथ खड़ा है।

2014 की यात्रा की तस्वीरें कीं साझा

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट के साथ 2014 में 9/11 मेमोरियल एंड म्यूजियम की अपनी यात्रा की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। यह स्मारक न्यूयॉर्क शहर के लोअर मैनहट्टन में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर परिसर में स्थित है। यहां 9/11 हमले में मारे गए लोगों की याद में श्रद्धांजलि दी जाती है।

 

तस्वीरों को साझा करते हुए पीएम मोदी ने हमले के पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त की। उनका संदेश आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक एकजुटता और भारत के मजबूत रुख को दर्शाता है।

11 सितंबर 2001 को हुआ था हमला

9/11 आतंकी हमला 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में हुआ था। इसे इतिहास के सबसे घातक आतंकी हमलों में गिना जाता है। अल-कायदा से जुड़े 19 आतंकवादियों ने चार कमर्शियल विमानों को हाईजैक कर इस हमले को अंजाम दिया था।

इनमें से दो विमानों को न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थित ट्विन टावर्स से टकराया गया था। टक्कर के बाद दोनों इमारतें ढह गई थीं। तीसरे विमान को वर्जीनिया स्थित पेंटागन से टकराया गया था।

चौथा विमान यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट 93 था। यात्रियों के विरोध के बाद यह विमान पेंसिल्वेनिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस भीषण आतंकी हमले में करीब 3,000 लोगों की जान चली गई थी।

हमले के पीछे अल-कायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन का नाम सामने आया था। उसे अमेरिकी नौसेना ने मई 2011 में पाकिस्तान के एबटाबाद में मार गिराया था।

9/11 हमले की 25वीं बरसी पर प्रधानमंत्री मोदी का संदेश आतंकवाद के खिलाफ भारत के अडिग रुख और पीड़ितों के प्रति सम्मान को सामने रखता है।